सोमवार, 10 जुलाई 2017

यात्रा वृतांत - हेमकुंड़ साहिब का रोमाँचक सफर-1




गोविंदघाट से घाघरिया, 14 किमी ट्रैकिंग मार्ग
खोज गुरुगोविंद सिंहजी की आत्मकथा की
गुरुगोविंद सिंहजी से बचपन से ही गहरा लगाव रहा है। घोड़े पर सवार, हाथ में बाज लिए एक यौद्धा संत की छवि जहाँ भी दिखती, अंतरमन को झंकृत कर देती। जब स्वामी विवेकानन्द के शब्दों में गुरुसाहिबान का बखान सुना तो श्रध्दा और भी बढ़ गई। कहीं पढ़ा कि गुरुजी ने पूर्वजन्म में हिमालय में घोर तप किया था, जिसका जिक्र उनकी आत्मकथा में मिलता है। मूल उद्धरण को जानने के लिए अब आत्मकथा खोजने की कवायद शुरु हो गई। कई वर्षों तक पुस्तक स्टालों पर खाक मारता रहा, पर मिली नहीं। अंत में दिल्ली के विश्व पुस्तक मेला में अमृतसर से आए एक सिक्ख सज्जन को जब हमारी खोज का अहसास हुआ, तो वो सुंदर नीले मखमली कपड़े में लिपटा विचित्र नाटक हमको भेंट कर गए। लगा जैसे हमारे मन की मुराद पूरी हो गई।
यात्रा की पृष्ठभूमि
पुस्तक पढ़ते-पढ़ते स्पष्ट हुआ कि पूर्व जन्म में गुरु गोविंद सिंहजी ने किस स्थल पर कैसे योग साधा था। उस स्थल, हेमकुण्ड साहिब को देखने का ध्रुव लक्ष्य बन चुका था। विभाग के पत्रकारिता छात्रों के यात्रा वृतांत पाठ्यक्रम के अंतर्गत किसी स्थल का चयन करना था। जब घूमेंगे तभी तो यात्रा वृतांत बनेगा। लगभग 15 छात्र-छात्राओं व 4-6 शिक्षकों के दल के साथ हेमकुंड साहिब यात्रा का निर्णय हुआ। 2012 का सितम्बर का महीना था। तिथि निर्धारित हो चुकी थी। इस तीर्थ स्थल के मार्ग की दुर्गमता का पूरा बोध नहीं था। मोटा अनुमान था कि काफी ऊँचाई पर है, ठंड़ काफी होगी। हवा का दवाब अधिक व ऑक्सीजन कम होगी। 
 हम अपने दल की शारीरीक-मानसिक दशा से परिचित थे। मोटा अनुमान था कि कुछ तन व मन से कमजोर बच्चों को गोविंद घाट में ही रोकना पड़ सकता है और कुछ को घाघरिया बेस कैंप में। हेमकुंड की 15500 फीट बर्फीली ऊँचाई तक कुछ गिने-चुने रफ-टफ लोग ही जा पाएंगे। जो जितना घूम लिया, उसका वर्णन ही तो करना है, यात्रा वृताँत बन जाएगा और मन की इच्छा भी पूरी हो जाएगी।

विषम परिस्थितियों की चुनौती का पहाड़
यात्रा की तिथि निर्धारित हो चुकी थी। इसके 2-4 दिन पहले ही रास्ते में गढ़वाल क्षेत्र के दो गाँव बादल फटने से पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके थे। देहरादून में अपने पत्रकार मित्र से क्षेत्र का हालचाल पता करने को कहा तो रिपोर्ट आई कि इस सीजन में यहाँ जाना मूर्खता होगी। लेकिन प्रकृति प्रकोप की ये दुश्वारियाँ अटल संकल्प के साथ मचल रहे मन को कहाँ रोकने वाली थी। मन में अदम्य उत्साह के सामने चुनौतियों का पहाड़ बौना साबित हो रहा था। अगाध आस्था थी ह्दय में कि गुरु के धाम में, प्रकृति माँ की गोद में ही तो जा रहे हैं सब ठीक हो जाएगा। बाकि जो होगा देखा जाएगा। अच्छे से अच्छे की संभावना और बुरी से बुरी परिस्थिति के लिए मन से तैयार होकर तैयारी में जुट पड़े।
आश्चर्य तब लगा जब पूरे रास्ते भर कहीं बारिश, भूस्खलन और किसी तरह की प्राकृतिक आपदा का कोई सामना नहीं करना पड़ा। अखबार पढ़कर जो भयावह धारणा बनी थी, वह रास्ते में तिरोहित होती रही। पूरी यात्रा भर प्रकृति जैसे हमारे साथ थी। दैवी कृपा का अहसास हर पड़ाव पर होता रहा।  
20-22 पथिकों के काफिले को लिए अपना वाहन देसंविवि से चल पड़ा। ऋषिकेश से होते हुए हमारा गढ़वाल हिमालय में प्रवेश हुआ। गंगा के किनारे, हल्की धुंध की चादर ओढ़े पर्वतों के बीच सफर खुशनुमा अहसास देता रहा।
पहली बार पहाड़ों का सफर कर रहे पथिकों का उत्साह, उमंग और मस्ती देखते ही बन रही थी। इस तरह ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर से होते हुए रुद्रप्रयाग, जोशीमठ के रास्ते अंत में हम शाम तक लगभग 8-10 घंटे के सफर के बाद गोविंदघाट पहुँचे।  
 
सफर का पहला पड़ाव - गोविंदघाट से पुलना गाँव तक
गोबिंदघाट गुरुद्वारा हमारे रात का ठिकाना बना। यहाँ गुरुद्वारे में ठहरने-भोजनादि की उत्तम व्यवस्था है। यहीँ पर गुरुद्वारे में रात्रि विश्राम किए। अपनी योजना के अनुसार तन-मन से कमजोर बच्चों को यहीं रुकने की योजना थी, लेकिन कोई भी रुकने को तैयार न था। सब आगे बढ़ने के लिए मचल रहे थे। इनका उत्साह देखकर लगा कि इन्हें यहाँ छोड़ना अन्याय होगा। 
प्रातः भोर होते ही काफिला गोविंदघाट से घाघरिया की ओर चल पड़ा। भोर के धुंधलके में पर्वत जैसे समाधिस्थ ध्यानमग्न तपस्वी जैसे लग रहे थे। प्रातः की इस नीरवता में बद्रीनाथ धाम से उतर रही गर्जन-तर्जन करती हुई अलकनंदा नदी के सांय-सांय करते घनघोर स्वर एक अलग ही स्थल पर होने का तीखा अहसास दे रहे थे। अलकनन्दा के तंग पुल को पार करते हुए हम अब हल्की चढ़ाई के साथ आगे बढ़ रहे थे। 

पहली वार पहाड़ की चढाई कर रहे पथिकों को थोड़ी ही देर में अहसास हो चुका था कि पहाड़ की चढ़ाई दौड़ कर पार नहीं की जा सकती। उत्साह के साथ अपार धैर्य का संगम और सांस की लय के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ना होता है। यही जीवन में लम्बी दूरी तय करने बाले लोगों की भी रीत है।  शनै-शनै पर्वत लंघे की उक्ति यहाँ चरितार्थ हो रही थी।
 रास्ते की पहली मानव बस्ती पुलना गाँव है, काफिला इसी ओर बढ़ रहा था। 3-4 किमी की चढ़ाई के बाद दम फूल रहा था, बदन पसीने से तर-बतर हो रहा था और कुछ थकान हावी हो रही थी। अतः अल्प विश्राम के लिए एक ढावे पर रुक गए। ढ़ाबे में बैठकर चाय की चुस्की के बहाने आगे की यात्रा के लिए दम भरते रहे।
पुलना गाँव सड़क के साथ ही नीचे पु्ष्पावती नदीं तक फैला था। गाँव के पीछे आसमान छूता पहाड़ खड़ा था तो इसके पार पहाड़ों से झरते झरने। और गाँव के नीचे तेजी से अलकनंदा में मिलने के लिए जोर-शोर के साथ आगे बढ़ती हुई पुष्पावती, जो क्रमशः फूलों की घाटी और हेमकुंड से बहती हिमनदियों का सम्मिलित रुप है।

अगली मानव बस्ती भ्यूंडर गाँव की ओर बढ़ते पग
आगे का रास्ता लगभग सीधा था। सामने दाईं ओर नदी के पार पहाड़ों से झरते झरनों का नजारा सबको आकर्षित कर रहा था। राह तंग घाटी से होकर आगे बढ़ती है। राह भर निर्मल जल के स्रोत पथिकों का स्वागत करते हैं। अपनी यात्रा से बापिस आ रहे पथिक, बाहे गुरुजी का खालसा बाहे गुरुजी की फतह के गुंजार के साथ स्वागत कर रहे थे। रास्ते में ही सूर्योदय का अद्भुत नजारा देखने लायक था। 

उत्तुंग शिखरों से नीचे उतर रही इसकी स्वर्णिम आभा चित्त को आल्हादित कर रही थी। इन्हीं दृश्यों को निहारते हुए रास्ते में एक विश्राम स्थल मिला, जिसे स्नो व्यू प्वाइंट नाम दिया गया है। यहाँ से बर्फ ढ़के पर्वत शिखरों का नजारा देखते हुए थकान से कुछ हल्का हुए।
यहाँ से हेमकुंड की ओर के पर्वत शिखर की पहली झलक मिल रही थी। मंजिल की पहली झलक यात्रा के रोमाँच और उत्साह को बढ़ा रही थी। आगे कुछ किमी के बाद हम एक ऐसे बिंदु पर थे जहाँ एक नदीं पुष्पावती नदी में दाईं ओर से मिल रही थी। पता चला कि यह नदी काकभुशुंडी ताल की ओर से आ रही है। काकभुशुण्डी ताल के वारे में पौराणिक मान्यता है कि इसी के किनारे रामभक्त काकभुशुण्डी ने पक्षीराज गरुड़ का संशय दूर किया था। सिक्खों के प्रथम गुरु नानकदेवजी की भी यहाँ के यात्रा के जिक्र मिलते हैं। इस ओर भारी बर्फ से लदे हाथी पर्वत के दर्शन हमें रोमाँचित कर रहे थे।

कुछ देर सीधे रास्ते पर चलते हुए आगे अब कुछ चढाई के साथ बढ़ रहे थे। यह भ्यूंडर गाँव का प्रवेश था। गाँव में पुष्पलता(हेमगंगा) विकराल वेग के साथ भयंकर गर्जन करती हुई नीचे बह रही थी। चट्टानों के बीच इसका दुधिया जल एक अलग ही नजारा पेश कर रहा था। यहीं पर नदी के किनारे बने ढ़ाबे में हल्के चाय-नाश्ता के साथ काफिला तरोताजा हुआ।
घाघरिया बेसकेंप की ओर
आगे भ्यूंडर गाँव के पुल को पार कर दाईं और से मार्ग अब घाघरिया की ओर बढ़ता है। पुल से नीचे बह रही हेमगंगा का निर्मल जल नेत्रों को गहरी शांति व शीतलता दे रहा था। आगे चढ़ाई क्रमशः बढ़ती जाती है। खड़ी चढ़ाई के साथ हम पत्थरों की सीढ़ियों पर चढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में जंगली अखरोट के बड़े-बड़े पेड़ हमारा स्वागत कर रहे थे। पुष्पलता(हेमगंगा) अब दिख तो नहीं रही थी, लेकिन इसकी सांय-सांय की आवाज कानों तक स्पष्ट थी। 


नदी के उस पार पर्वत शिखर व संकरी घाटी एक अलग ही दुनियाँ में प्रवेश की अनुभूति दे रहे थे। काफिले में कुछ सदस्य अपना ही बोझ नहीं संभाल पा रहे थे, अतः इनका सामान टीम के मजबूत सदस्यों के कंधों पर चढ़ रहा था। इस तरह टीम भावना के साथ पूरा काफिला घाघरिया बेसकेंप में दोपहर बाद तक पहुँच गया था। सभी थककर चूर थे। स्थानीय गुरुद्वारे में डोरमेट्री में ठहरने की व्यवस्था हो चुकी थी। यहीं पर विश्राम भोजन के बाद बाहर आसपास घूमने निकले। (....ज़ारी) 
यात्रा का अगला भाग आप  आगे दिए लिंक पर पढ़ सकते हैंहेमकुण्ड साहिब यात्रा, भाग-2

शुक्रवार, 30 जून 2017

बाल विकास



अभिभावक समझें अपनी जिम्मेदारी
परिवार व्यक्ति एवं समाज को जोड़ने वाली सबसे महत्वपूर्ण कडी है। शिशु के निर्माण की यह प्राथमिक ईकाई है। इसी के साय में शिशु का निर्माण होता है, यह उसकी पहली पाठशाला है।  माँ-वाप एवं अभिभावक की छत्रछाया में शिशु का लालन-पालन होता है। शिशु के भावनात्मक विकास की नींव अधिकांशतः इस दौरान पड़ जाती है, जो जीवनपर्यन्त उसके व्यक्तित्व का एक अहं हिस्सा बनकर उसके साथ रहती है। इस प्रकार घर-परिवार का वातावरण बहुत अहम है।


शिशु का विकास सही दिशा में हो इसके लिए आवश्यक है कि घर का वातावरण ठीक हो। जैसे कोई भी फसल सही वातावरण में ही पूरा विकास पाती है, और प्रतिकूल आवो-हवा में मुरझा जाती है। बैसे ही शिशु मन, अंकुर सा पनपता एक नन्हें पौध जैसा होता है, जिसको अपने सही विकास के लिए उचित वातावरण एवं खाद-पानी की जरुरत होती है, जिसकी व्यवस्था करना अभिभावकों का पावन कर्तव्य है। शिशु मन मिट्टी के लौंदे की तरह कोमल, सुकुमार होता है, जिसे आप मनचाहा रुप दे सकते हैं।

लेकिन उस बीज की अपनी एक प्रकृति भी होती है, उसका अपना मौलिक स्वरुप एवं विशेषता भी होती है, उसको भी पहचानना है। उस पर अपनी मर्जी थौंप कर उस पर अनावश्यक दवाब डालना  अत्याचार करना होगा। इस दौरान मन पर पड़े जख्म जीवन भर नहीं मिट पाते। यदि ये मधुर व सुखद हैं तो जीवन के संघर्ष में ये हर मोड़ पर प्रेरक शक्ति बन कर साथ देते हैं और यदि स्मृतियाँ कटु, दुखद एवं त्रास्द हैं तो इसके जख्म जीवन पर्यन्त नासूर बन कर रिस्ते रहते हैं।

यदि हम सही मायने में अपनी संतान से प्यार करते हैं, उनका हित चाहते हैं तो यह आवश्यक है कि कुछ मूलभूत बातों का ध्यान रखें – 
1.     आपसी प्रेम भाव – माँ-बाप के बीच मधुर प्रेम की स्नेहिल एवं शीतल छाया में विकसित हो रहा शिशु मन ऐसा पोषण पाता है, जिससे उसका सशक्त भावनात्मक विकास होता है, जो जीवन भर उसको सकारात्मक दृष्टिकोण, आंतरिक स्थिरता एवं मजबूती देता है। इसके विपरीत मन-मुटाव, क्लह-कलेश से भरा घर का वातावरण शिशु मन पर बहुत ही विषाक्त असर डालता है। उसका सही विकास नहीं हो पाता। मन असुरक्षा के भाव से पीड़ित रहता है। अंदर एक अतृप्ति-खालीपन कचोटता रहता है, जिसकी खोज में वह जिंदगी भर भटकता रहता है।
अतः यह महत्वपूर्ण है कि आपस में प्रेम भाव से रहें, मिल-जुलकर रहें। स्वतः ही संतान का भाव सिंचन एवं पोषण गहनतम स्तर पर होता जाएगा।
2.     सात्विक व्यवहार – शिशु के सामने जो भी व्यवहार करते हैं, वह उसे सीधा ग्रहण करता है। उसमें सही-गल्त को जानने समझने का विवेक नहीं होता है। वह तो कोरी पट्टी की तरह होता है, आस-पास के वातावरण का आचार, व्यवहार एवं विचार सीधे उस पर छपते जाते हैं। आपका सात्विक व्यवहार उसके मन पर ऐसी छाप डालेगा, कि जीवन पर्यन्त वह चरित्र बन कर उसको स्थिरता-शक्ति देता रहेगा और बड़ों की नादानियाँ भी उसी तरह से उनके जीवन को चौपट कर सकती हैं।

यह अभिभावकों का निर्णय है कि वह क्या चाहते हैं। यदि इस कार्य में शुरु में लापरवाही बरती गई, तो बाद में बच्चों के कुसंस्कारी होने व अवांछनीय गतिविधियों में संलिप्त होने के लिए दोषी ठहराने का कोई औचित्य नहीं। समय रहते आपके हाथ में बहुत कुछ था, जिसे आपको करना था।

3.     बच्चों पर अपनी महत्वाकाँक्षा न थोंपे  - शिशु पर कुछ थोपें नहीं। उसके  स्वतंत्र व्यक्तित्व को समझें व उसका सम्मान करें। आशा-अपेक्षाओं का अनावश्य बोझ न लादें। प्रायः यह देखा जाता है। अभिभावक संतान को अपने मन की कुण्ठा, महत्वाकाँक्षा और स्वार्थ का शिकार बनाते हैं। यदि माँ-बाप अफसर न बन पाए तो अब वे वच्चे को अफसर बना कर ही रहेंगे। यदि बड़े डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस न बन पाए तो अब वे अपनी इस दमित इच्छा को बच्चों पर थोंपेंगे। अविभावक यह ध्यान दें कि यदि संतान की रुचि, योग्यता इस काबिल है तो ठीक है अन्यथा उसके स्वभाव के अनुरुप ही उसे पनपने दें। प्रतिभाएँ स्वतंत्र वातावरण में पनपा करती हैं। यदि सचिन पर संगीत थोंपा जाता और लता मुंगेश्कर को क्रिकेट के मैदान में धकेला जाता, तो क्या उनकी प्रतिभा उस रुप में पनप पाती जैसा कि वे आज सभी के लिए एक वरदान सिद्ध हो रहे हैं।
अतः यह माँ-बाप का पावन कर्तव्य है कि अपनी संतान की मूल प्रकृति, स्वभाव एवं रुचि को समझें व उसके अनुरुप उसको बढ़ने में अपना भरपूर सहयोग दें। यही घर में खिल रही नन्हीं कली पर सबसे बड़ा उपकार होगा।

4.     बनाएं आस्तिकता का माहौल – घर-परिवार में आस्तिकता का वातावरण तैयार करें। घर का एक कौना पूजा-पाठ एवं ध्यान-सतसंग आदि के लिए सुरक्षित हो। स्वयं नित्य ध्यान-भजन एवं स्वाध्याय आदि का न्यूनतम् क्रम अपनाएं। और परिवार जनों को भी इसके लिए प्रेरित करें। संभव हो तो सभी मिलकर प्रातः या सांय एक साथ मिल कर साधना-भजन आदि करें। इससे घर में सात्विक विचार तरंगों का संचार होगा और परिवार में दैवीय वातावरण बनेगा। कोमल मन पर इसकी पड़ रही छाप और इसके दुरगामी सुखद परिणाम की आप कल्पना कर सकते हैं। इसे आगे बढ़ाते हुए सामूहिक सतसंग, विचारगोष्ठी आदि का उपक्रम भी सप्ताह अंत में किया जा सकता है। अध्यात्मपरायण माहौल की ही तरह महत्वपूर्ण है बड़ों का आदर्शनिष्ठ आचरण-व्यवहार।

5.     अपने उदाहरण से दें शिक्षण – बच्चों में हम जिन सदगुणों को देखना चाहते हैं, जिस चरित्र की आशा करते हैं, वैसा उदाहरण स्वयं प्रस्तुत करने की कोशिश करें। यह बच्चों के चरित्र निर्माण एवं नैतिक विकास का सबसे प्रभावी एवं सुनिश्चित मार्ग है। जब बड़े खुद अपनी कहे पर अमल करेंगे, तो छोटे स्वतः ही उसका अनुकरण करेंगे। क्योंकि बिना आचरण में लाया गया उपदेश निरर्थक होता है। और सबसे बड़ा उपदेश वह होता है जो वाणी से नहीं अपने आचरण द्वारा प्रस्तुत किया जाता है।
यदि माँ-बाप एवं घर के बड़े लोग इन सरल-सामान्य से सुत्रों का ध्यान रखेंगे और निष्ठापूर्वक पालन करेंगे, तो कोई कारण नहीं कि परिवार का वातावरण शांति, सौहार्द्रय एवं सात्विकता से भरा-पूरा न होगा। इसके साय में पलता बढ़ता शिशु मन ऐसा भावनात्मक पोषण पाएगा, जो उसे जीवन पर्यन्त प्रतिकूलताओं से जुझने की मजबूती देगा। उसके जीवन के भावी रणक्षेत्र में आगे चलकर विचलित होने, भटकने-बहकने का कोई आधार न रहेगा। अपने कृत्यों द्वारा वह न केवल अपने जीवन को धन्य वनाएगा, बल्कि माता-पिता का भी नाम रोशन करता हुए पूरे संसार-समाज के लिए एक वरदान साबित होगा।

मंगलवार, 13 जून 2017

मानवीय इच्छा शक्ति के कालजयी प्रेरक प्रसंंग



 मनुष्य ठान ले तो क्या नहीं कर सकता
मनुष्य इस सृष्टि की सर्वश्रेष्ठ रचना है, जिसके लिए कुछ भी असम्भव नहीं। यदि वह ठान ले तो कुछ भी कर सकता है। जीवन का भौतिक क्षेत्र हो या आध्यात्मिक, वह किसी भी दिशा में चरम बुलन्दियों को छू सकता है। ऐसे अनगिन उदाहरण भरे पड़े हैं जो अपने संकल्प-साहस के बल पर अदनी सी, अकिंचन सी हैसियत से ऊपर उठते हुए जीरो से हीरो बनने की उक्ति को चरितार्थ करते हैं, व कर रहे हैं। रसातल से चरम शिखर की इनकी यात्रा थके हारे मन को  प्रेरणा देती है।

सेंडो और चंदगी राम जैसे विश्वविख्यात पहलवान बचपन में गंभीर रोगों से ग्रसित थे। शरीर से दुर्बल इन बालकों से दुनियाँ को कोई उम्मीद नहीं थी। किसी तरह वे शरीर से स्वस्थ हो जाएं, इतना ही काफी था। लेकिन दोनों बालक दूसरी ही मिट्टी के बने थे। दोनों अपने जमाने के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति बनना चाहते थे।

इस लक्ष्य के अनुरुप वे अपनी कसरत जारी रखते हैं और एक दिन दुनियां के सामने अपने स्वप्न को साकार कर दिखाते हैं। ऐसे न जाने और कितने ही शरीर से रोगी, दुर्वल यहाँ तक कि अपंग व्यक्ति होंगे जो आज भी उसको पार करते हुए शरीरिक सौष्ठव एवं खेलों मे झंड़ा गाड़ रहे हैं। यदि व्यक्ति संकल्प का धनी है तो उसके लिए शारीरिक दुर्वलता के कोई मायने नहीं रह जाते। 
स्टीफन हॉकिन्स, आइंसटीन व एव्राह्म लिंकन इसी कढ़ी के दूसरे ऐतिहासिक नायक हैं।
लिंकन तो बचपन से ही परिस्थितियों के मारे थे। उसका जन्म लकड़हारा परिवार में हुआ था, जो जंगल की लकड़ियां काटकर किसी तरह अपना निर्वाह करता था। बच्चों के लिए पढ़ाई की सुविधा जंगल में कहाँ। लेकिन लिंकन पढ़-लिख कर आगे बढ़ना चाहता था। उसने संकल्प ने उसे जंगले से दूर स्कूल तक पंहुचने का संयोग दिया। पुस्तक खरीदने का पैसा गरीब माँ-बाप के पास कहाँ था। अतः वालक लिंकन मीलों दूर पैदल जाकर पुस्तकालय में पढ़ाई करता। शहर में पढ़ने गया तो लालटेन-मोमवती के पैसे न होने के कारण स्ट्रीट लैंप की रोशनी में ही पढ़ाई करता। 
शिक्षा के साथ लिंकन अपनी ही नहीं पूरी बिरादरी की दशा से रुबरु होता है। वह युग की मानवीय त्रास्दी से पूरे देश को आजाद करने के संकल्प के साथ सार्वजनिक जीवन में कूदता है। लेकिन यहाँ भी मनचाही सफलता से वंचित ही रहते हैं। तीस वर्ष तक निराशा से लम्बें संघर्ष के बाद अंततः वह अमेरिका के राष्ट्रपति के रुप में अपने अपराजेय जीवट का झंड़ा बुलन्द करते हैं। 

यह साहसी शूरमा इच्छाशक्ति के कारण मुसीबतों के तुफान से घिर जाने पर भी कभी निराश नहीं हुआ। इसने दुर्भाग्य से कभी हार नहीं मानी, दृढ़ आत्मविश्वास के सम्बल लेते हुए नित्य नवीन उत्साह के साथ जीवन पथपर आगे बढ़ता गया। आगे चल कर इसी जीवट के बल पर वे अमेरिका से दास प्रथा को मिटाने में अपनी ऐतिहासिक भूमिका अदा करते हैं। आज भी एव्राह्म लिंकन अपनी जिजीविषा एवं महानता के कारण अमेरिका ही नहीं पूरे विश्व में करोड़ों संघर्षशील व्यक्तियों के लिए प्रेरणा के प्रकाश स्तम्भ हैं।

यूनान के डेमोस्थनीज बचपन में तुतला कर बोलने की समस्या से पीडित थे। लेकिन बालक था बुद्धिमान एवं साहसी। साथ ही देश की माली हालत के बीच अपनी निर्णायक भूमिका भी निभाना चाहता था। विद्वानों-दार्शनिकों के देश युनान में सारे निर्णय वाद-विवाद एवं संवाद के आधार पर होते थे। अपनी वाक् अपंगता को देखकर डेमोस्थनीज तिलमिला कर रह जाते। लेकिन वह साहसी युवक था, लग्न का धनी था। उसकी अपंगता और स्वप्न के बीच की खाई के कारण वह लोगों की हंसी का पात्र भी बनता। 

लेकिन हर विफलता उसके संकल्प को और मजबूत करती। हार मानना तो जैसे इस बालक ने सीखा ही नहीं था। अभ्यास करते करते एक दिन डेमोस्थनीज अपने जमाने के सबसे मुखर वक्ता (सिल्वर टोंग्ड औरेटर) बन जाते हैं।

इसी श्रृंखला में गाँधीजी को भी ले सकते हैं। जब वे इंग्लैंड से पढ़ाई पूरा करके दक्षिण अफ्रीका में वकालत शुरु करते हैं तो प्रारम्भिक सभाओं में उनकी जुबान पर जैसे ताला लग जाता है। श्रोताओं का भय उन पर इस कदर हॉवी होता है कि वे पसीना-पसीना हो जाते हैं और सबकी हंसी का पात्र बनते हैं। लेकिन युवक मोहनदास अपने लौह संकल्प के बल पर आगे चलकर ऐसे धुरंधर बक्ता बन जाते हैं, जिसका लौहा विश्व की सबसे ताकतवर अंग्रेजी हकूमत भी मानती है।
आइंस्टीन स्कूल के दिनों में गणित में फिस्सडी विद्यार्थी माने जाते थे। लेकिन जब उनकी लगन जाग जाती है तो वे युग के सबसे महानतम् वैज्ञानिकों की श्रेणी में शुमार हो जाते हैं। इन्हीं की अगली पीढ़ी के वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिन्स तो इनसे भी चार कदम आगे हैं। हॉकिन्स शारीरिक रुप से लगभग पूरी तरह से अपंग हैं। युवावस्था में ये ऐसे रोग से पीड़ित हो जाते हैं कि इनके हाथ, पैर, जुवान सब कुछ जैसे लक्बा मार जाते हैं। इनके पास                                                                                                                                        बचता है - सिर्फ सोचने वाला एक मस्तिष्क और साथ में ऐसी अद्म्य इच्छा शक्ति जिसने ब्रह्माण्ड की सबसे जटिल गुत्थियों को सुलझाने की ठान रखी है।
आज अपनी शोध के कारण ये युग के आइंस्टाईन माने जाते हैं। ब्रह्माण्ड की उत्पति से लेकर ब्लैक होल एवं एलियन्स पर इनके विचारों को पूरा जमाना बहुत गंभीरता से सुनता है। अब तक ये कई वेस्ट सेलर पुस्तकों की रचना कर चुके हैं।

महान संकल्प एवं अध्यवसाय  के बल पर रॉक फैलर के कंगाल से धनकुबेर बनने की कथा भी एक मिसाल है। एक गरीब घर में उत्पन्न रॉकफैलर के पिता बचपन में ही चल बसे थे। बिधवा मां किसी तरह मुर्गी खाना चलाकर घर की गाढ़ी धकेल रही थी। बेटा रॉकफेलर मां के काम में हाथ बँटाता, साथ ही उसने मुर्गीखाने में सवा रुपया प्रतिदिन के हिसाब से नौकरी कर ली। इससे मिले एक-एक रुपये को वह टूटी केतली में इकट्ठा करता। एक दिन टूटी केतली में उसे दो सौ रुपये मिलते हैं, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। बालक रॉक फेलर को धनी बनने का गुर हाथ लग गया था।
वह धनी बनने के सपने को संकल्प का अमली जामा पहना लेता है और अविचल धैर्य के साथ मंजिल की ओर बढ़ चलता है। शुरु में वह मजदूरी ही करता है। लेकिन कछुए की चाल ही सही, वह अविराम गति से बढ़ता रहता है और एक दिन अमेरिका के सबसे धनिकों की श्रेणी में शुमार हो जाता है। लेकिन बाकि धनिकों से अलग एक विशिष्ट पहचान बनाता है। इसका आधार था-ईश्वर पर अगाध विश्वास और परोपकार का भाव, जो उसे सदा मानवीय गरिमा से युक्त रखी।
 उपासना उनके जीवन का अभिन्न अंग थी। बिना उपासना के कभी भोजन नहीं करते थे। स्कूली पढ़ाई अधिक नहीं थी, लेकिन अपने बौद्धिक परिष्कार, नैतिक विकास एवं आत्मिक उत्थान के लिए श्रेष्ठ साहित्य का स्वाध्याय निरंतर करते थे। धन को ईश्वर की दी हुई विभूति मानते थे और सत्पात्रों एवं जरुरत मंदो के लिए खुले हाथ से बाँटते थे। वे अपने युग के सबसे बड़े दानवीर माने जाते हैं, जो उस समय लगभग तीन अरब रुपया दान दिए। शिक्षा से लेकर चिकित्सा के क्षेत्र उनके परोपकार से उप्कृत होते रहे।
रॉक फैलर ने धन को कभी सर पर नहीं चढ़ने दिया। इतना बढ़ा धनपति होने के बावजूद सामान्य सा एवं प्राकृत जीवन जीते रहे। इसलिए एक स्वस्थ, सुखी एवं प्रसन्नचित्त सतानवें वसंत पूरे किए। आज उनका जीवन निर्धन एवं धनिक सबके लिए एक प्रेरणा का स्रोत है।
 
     इसी तरह की कितनी ही प्रतिभाएं है जो सामान्य सी स्थिति से ऊपर उठती हैं व अपनी शारीरिक कमियों या परिस्थितियों की विषमता को अपने विकास में रोढ़ा नहीं बनने देती। शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक जीवन की तरह आत्मिक प्रगति की दिशा में ऐसे कितने ही स्त्री-पुरुष हुए जिन्होंने अपने पिछले दागी जीवन को कैंचुली की तरह उतार कर फैंक दिया, एक नए जीवन की शुरुआत की और आध्यात्मिक विकास के शिखर का आरोहण किए।

संत आगस्टीन ऐसे ही संत हुए हैं, जिनका पूर्व जीवन पूरी तरह से तमाम तरह के कुटेबों से भरा हुआ था। शराब से लेकर नशाखोरी, वैश्यागमन तक उनका दामन दगीला था। लेकिन उनके ह्दय में इस गर्हित जीवन के प्रति वितृष्णा के भाव से भरे थे और एक ईश्वर के बंदे, संत का पवित्र-निष्कलंक जीवन जीना चाहते थे। हर पतन की फिसलन के साथ उनकी सच्चे जीवन जीने की पुकार तीव्र से तीव्रतर होती जाती है।
अंततः शुद्ध-बुद्ध जीवन की उनकी गहनतम पुकार जैसे जन्म-जन्मांतरों के अचेतन को भेद जाती है और आध्यात्मिक अनुभूति के साथ उनका कायाकल्प हो जाता है और वे अतिचेतन की ओर कूच कर जाते हैं। अपने जीवन के रुपाँतरण की ये मार्मिक अनुभूतियों को वे अपने प्रख्यात ग्रँथ द कन्फेशन में लिपिवद्ध करते हैं। पिछले जीवन को वे पूरी तरह से तिलाँजलि दे देते हैं और मध्यकालीन यूरोप में आध्यात्मिक प्रकाश के स्तम्भ के रुप में दार्शनिक-आध्यात्मिक जगत को अपनी दैवीय प्रभा से आलोकित करते हैं। संत अगस्टीन के नाम से वे आज भी लोगों के लिए प्रकाश एवं प्रेरणा के स्रोत्र हैं।
भारत में तुलसी दास, सूरदास की कथा कुछ ऐसे ही उदाहरण पेश करती हैं। डाकू अंगुली मान, वैश्या आम्रपाली के जीवन की दारुण-त्रास्द गाथा का सुखद रुपाँतरण मानव स्वभाव में निहित दैवीय तत्व की अपराजेय शक्ति के ही अदभुत उदाहरण हैं। कोई कारण नहीं कि मनुष्य इस सुरदुर्लभ मानव तन पाकर दीन-हीन और दगीला जीवन जीए। इस मानुष-तन में ऐसा खजाना भरा पड़ा है कि व्यक्ति इससे मनचाहा वरदान पा सकता है। आवश्यकता है वस संकल्प जगाने की और असीम धैर्य एवं अध्यवसाय के साथ उस और बढ़ने की।

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...